जावर पुलिस की गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 475 ग्राम गांजा जब्त
घाट वाले महाराज मंदिर के पास बिक्री की फिराक में खड़ा था आरोपी, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

ओजस्व समाचार संपादक अभिषेक बाला जी
जावर। अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त एवं तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए सीहोर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत जावर थाना पुलिस ने गांजा बिक्री के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 475 ग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2,500 रुपये बताई गई है।पुलिस अधीक्षक सीहोर श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीहोर श्री प्रशांत चौबे एवं एसडीओपी आष्टा श्री दामोदर गुप्ता के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी जावर निरीक्षक श्याम कुमार सूर्यवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।पुलिस के अनुसार 5 नवंबर 2026 को थाना जावर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कजलास रोड स्थित घाट वाले महाराज मंदिर के पास एक व्यक्ति सफेद रंग के झोले में गांजा रखकर बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम स्वतंत्र साक्षियों के साथ तत्काल मौके पर पहुंची और मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के व्यक्ति की घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुरेन्द्र चौरसिया पिता रतनलाल, उम्र 30 वर्ष, निवासी बमुलिया रायमल, थाना जावर, जिला सीहोर बताया। पुलिस द्वारा विधिवत तलाशी लेने पर उसके कब्जे में रखे सफेद रंग के झोले से गांजा बरामद हुआ। इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे से तौल करने पर गांजे का वजन 475 ग्राम पाया गया।पुलिस ने गांजा विधिवत जब्त कर आरोपी के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।इनकी रही सराहनीय भूमिकापूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी जावर निरीक्षक श्याम कुमार, उनि. बीएल मालवीय, प्रआर सुरेश परमार, आरक्षक अनिल चौधरी, आरक्षक नरेन्द्र सैंधव, आरक्षक अमित जमरे एवं सैनिक देवपाल का सराहनीय योगदान रहा।